विवादित प्लाट पर पहुंचे सीओ ने दी चेतावनी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र शालीमार गार्डन स्थित प्लाट पर भू माफियाओं द्वारा फर्जी कागजात बनवाने के बाद कब्जे को लेकर हुए विवाद के संबंध में सीओ कोतवाली ने प्लाट पर पहुंचकर जांच करने के बाद एक आरोपी के घर दबिश डलवाते हुए पुलिस कर्मियों को चेतावनी दी।
रविवार लिसाड़ीगेट थाना अंतर्गत शालीमार गार्डन स्थित 120 गज के विवादित प्लाट पर पहुंचकर सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने जांच करते हुए परतापुर थाना क्षेत्र ग्राम कांची निवासी अफजाल से फोन पर बात की। अफजाल ने बताया कि शुक्रवार की शालीमार गार्डन स्थित अपने प्लाट पर चिनाई करने के लिए गया था। इसी दौरान शालीमार गार्डन निवासी साजिद ने फर्जी कागजात दिखाते हुए पिल्लोखड़ी चौकी पर तैनात अपने सेटिंग के पुलिसकर्मियों को बुलाकर अवैध तरीके से हवालात में बंद करा दिया था। आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित की बात सुनने के बाद सीओ कोतवाली ने साजिद और उसके साथियों के खिलाफ कार्यवाही करने के आदेश दिए और चौकी पुलिस कर्मियों से ही उसके घर पर दबिश दिलाई, लेकिन साजिद घर पर नहीं मिला। सीओ कोतवाली ने बताया कि भू माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाकर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। चौकी पुलिस कर्मियों को भी चेतावनी देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। ब्यूरो