आशियाना कालोनी में पंचायत के दौरान मारपीट, तोड़फोड़ वो भी पुलिस के सामने।
मेरठ। आशियाना कालोनी में सोमवार को जमकर बखेड़ा हुआ। दंपती के बीच हुआ विवाद निपटाने को हुई पंचायत में ससुराल पक्ष के लोगों ने खूब उत्पात मचाया। मायके वालों ने घर में घुसकर दरवाजे बंद कर लिए, तो लोहे की रॉड से दरवाजे को तोड़ दिया गया। मारपीट में दोनों पक्षों की ओर से आठ लोग घायल हो गए। यह सब पुलिस के सामने ही होता रहा। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है। सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज हुई है।
थाना लिसाड़ीगेट की आशियाना कालोनी निवासी रियाजु की बेटी शबाना की शादी चार साल पहले किदवई नगर निवासी वसीम के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुरालिये दहेज की मांग करते हैं। विरोध करने पर शबाना से मारपीट करते हैं। एक साल से शबाना अपने बेटे को लेकर मायके में रह रही है। सोमवार सुबह मायके में दोनों पक्षों की पंचायत बैठी।
आरोप है कि वसीम ने पत्नी पर टिप्पणी कर दी, जिसके बाद मारपीट हो गई। मायके वाले घर के अंदर छिप गए और दरवाजा बंद कर लिया। वसीम ने अपने साथियों को बुला लिया और लोहे की रॉड से दरवाजा तोड़ दिया। खूब हंगामा किया।
इस दौरान सूचना पर लिसाड़ीगेट थाने की फैंटम पहुंच गई थी। सिपाही और होमगार्ड को भी आरोपियों ने घेर लिया। सिपाही वायरलेस से थाना प्रभारी को सूचना देने लगा। इस दौरान किसी ने तोड़फोड़ का वीडियो बना लिया, जिसमें होमगार्ड भी मौके पर खड़ा नजर आ रहा है।
आरोपियों ने घर में घुसकर महिलाओं को पीटा और शबाना को जबरन उठाने की कोशिश की। मारपीट में शबाना, उसका पिता रियाजुद्दीन, बिलकिस, महताब, सरफराज घायल हो गए, जबकि ससुराल पक्ष से वसीम का पिता वसीलुद्दीन, फिरोज और एक अन्य घायल हुआ है। घायलों को पुलिस ने मेडिकल के लिए भेज दिया।
सीओ ने दर्ज कराया मुकदमा
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने चौकी इंचार्ज और लिसाड़ीगेट इंस्पेक्टर को कड़ी फटकार लगाई। सीओ ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर पर वसीम और छह अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच में सामने आया कि मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को घर में बंद कर लिया था, इसको लेकर विवाद हुआ। पुलिस के सामने घटना नहीं हुई, होमगार्ड वहां खड़ा हुआ बताया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।