राशन कम देने पर ग्रामीणों का हंगामा, पुलिस की मौजूदगी में हुआ वितरण
हस्तिनापुर। गांव तारापुर में सोमवार को ग्रामीणों ने राशन वितरण को लेकर जमकर हंगामा किया। राशन कम देने की शिकायत 112 नंबर पर की गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराकर मानक के अनुसार राशन दिलाया।
गांव तारापुर की राशन एजेंसी पिछले कई महीनों से निलंबित चल रही है। यह गांव क्षेत्र के गांव रठौरा खुर्द की राशन एजेंसी से जोड़ा गया है। सोमवार को एजेंसी संचालक द्वारा तारापुर के ग्रामीणों को राशन का वितरण किया जा रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि एक यूनिट पर पांच किलो राशन दिया जाता है, जिसमें तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल शामिल है। लेकिन राशन एजेंसी संचालक प्रत्येक व्यक्ति को एक यूनिट कम राशन दे रहा था, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया और जमकर हंगामा किया। परंतु एजेंसी संचालक नहीं माना, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस हेल्पलाइन 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने राशन एजेंसी संचालक को जमकर फटकार लगाई। जिसके बाद एजेंसी संचालक ने मानक अनुसार लोगों को राशन वितरित किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ानक अनुसार राशन वितरण नहीं किया जा रहा है। क्षेत्र की अन्य कई एजेंसियों का भी यही हाल है। विरोध करने पर उपभोक्ता को धमकाकर वापस भेज दिया जाता है। प्रशासनिक अधिकारी मामले की सुध नहीं ले रहे हैं, जबकि राशन एजेंसी संचालक गरीबों का हक डकार रहे हैं।