ब्लॉक से लेकर विधायक तक लगा चुके गुहार, समाधान नहीं होने पर बुधवार को तहसील पहुंचेंगे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गांव नवाबगढ़ी में रास्ते पर जलभराव, कीचड़ और गंदगी की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार ब्लॉक स्तर के अधिकारियों से शिकायत करने के साथ ही क्षेत्रीय विधायक को भी समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के रास्ते पर गंदगी और कीचड़ जमा रहने से स्थिति बदहाल बनी हुई है। बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। लोगों को इसी रास्ते से होकर आवागमन करना पड़ता है। कीचड़ के कारण पैदल चलने वालों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि सफाई व्यवस्था के लिए उन्हें खुद ही प्रयास करने पड़ते हैं। कई बार ग्रामीण आपस में चंदा एकत्र कर सफाई कराते हैं ताकि रास्ते से आवागमन सुचारु हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से उनमें रोष है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द रास्ते की सफाई, जलनिकासी और कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया तो वह तहसील में अधिकारियों से शिकायत करेंगे। इसी क्रम में ग्रामीण बुधवार को तहसील पहुंचकर अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखेंगे और कार्रवाई की मांग करेंगे। इस दौरान वार्ड सदस्य जुल्फिकार के अलावा इरशाद, इरफान, शमशाद, मोहसिन, सत्तार, कल्लू, अंसार, नौशाद मीर, सरफराज, इकबाल, शफीक और ताहिर आदि ग्रामीण मौजूद रहे।