सरधना। गांव टेहरकी में पक्षपात करते हुए कनेक्शन काटने को लेकर उर्जा निगम की टीम से होती नोकझोंक
सरधना। टेहरकी गांव में बकाया विद्युत बिल की वसूली के लिए पहुंची ऊर्जा निगम की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बड़े बकायादारों को छोड़कर छोटे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इससे नाराज होकर उन्होंने टीम को घेर लिया और जमकर नोकझोंक हुई। मामला बढ़ने पर ऊर्जा निगम की टीम को बिना वसूली के लौटना पड़ा। बाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ऊर्जा निगम की टीम के जेई आशु के नेतृत्व में टीम गांव में बकायादारों से भुगतान लेने व कनेक्शन काटने पहुंची थी। टीम ने ग्राम प्रधान विमला देवी की पुत्रवधू पूजा का भी बिजली कनेक्शन काट दिया। इस पर करीब 10 हजार रुपये बकाया था। कनेक्शन कटते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप था कि ऊर्जा निगम सुविधा शुल्क न देने वालों को निशाना बना रहा है, जबकि प्रभावशाली और बड़े बकायादारों पर कार्रवाई नहीं हो रही। विवाद बढ़ने पर ऊर्जा निगम की टीम लौट गई।
जेई आशु ने बाद में कई ग्रामीणों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर, ग्राम प्रधान की पुत्रवधू पूजा ने भी विद्युत टीम पर अभद्रता करने और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है।