खिम्मीपुरा के ग्रामीण जलभराव की समस्या से परेशान
मवाना। हस्तिनापुर ब्लॉक के गांव खिम्मीपुरा के ग्रामीणों ने तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी के नाम दिए पत्र में गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव व कीचड़ से निजात दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने पत्र में कहा कि गांव खिम्मीपुरा खादर क्षेत्र का बाढ़ प्रभावित गांव है। गांव की सड़क पुरी तरह से टूटी पड़ी है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण जलभराव होने से सड़क की हालत खराब हो गई है। मवाना-मखदूमपुर मार्ग करीब 100 गांवों को जोड़ता है। जिनका आवागमन इसी मार्ग से होता है।
जलभराव व गड्ढे होने के कारण कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। कई बार शासन-प्रशासन से मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण कराकर निर्माण कराए जाने की मांग की है। पत्र देने वालों में जसवीर सिंह सैनी एडवोकेट, प्रेम सिंह गुर्जर, गजे सिंह गुर्जर, रोहताश गुर्जर, नवाब सिंह गुर्जर, रणधीर सिंह, विकास कुमार, जोनी कुमार, निशुभ कुमार, धर्म सिंह आदि थे।