संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। ब्लॉक क्षेत्र के जमालपुर गोमा गांव में तालाब में गंदगी और अनियमित खुदाई को लेकर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। इस संबंध में गांव निवासी महिपाल यादव ने मंडल आयुक्त को प्रार्थना पत्र भेजकर भूगर्भ जल विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रशासन की संयुक्त जांच समिति गठित करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि गांव में स्थित तालाब की सफाई और खुदाई के लिए बीडीओ सरधना द्वारा कार्य आदेश जारी किया गया था। आरोप है कि ठेकेदार ने निर्धारित नियमों के विपरीत करीब 20 फीट गहरा गड्ढा खोदकर उसमें गंदगी दबा दी, जबकि नियमानुसार सिल्ट को बाहर निकालना था। इससे तालाब का पानी प्रदूषित हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब में सीधे मल-मूत्र की पाइपलाइन डाली जा रही है, जिससे पानी की गुणवत्ता और बिगड़ रही है। इसके अलावा तालाब की लगभग 1400 मीटर भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने का भी आरोप लगाया है।
ग्रामीणों ने दावा किया कि प्रदूषण के कारण गांव में कई लोगों की कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से मौत हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब की सफाई सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने राजस्व टीम को मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।