परीक्षितगढ़। थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। जबकि उसके तीन साथी मौके से भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक के परिवार के लोगों को सूचना दी गई है।
मवाना कस्बा निवासी युवक अपने तीन साथियों के साथ क्षेत्र के एक गांव निवासी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा। प्रेमिका के माता-पिता मेरठ में चिकित्सक के यहां अपनी आंख का उपचार कराने गए हुए थे। इस दौरान वह घर पर अकेली थी। ग्रामीणों ने चार युवकों को घर में जाते देखा तो घर की घेराबंदी कर दी। ग्रामीणों ने प्रेमी को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी चकमा देकर भाग गए। ग्रामीणों ने बताया कि पकड़े गए युवक के परिजनों को सूचना दी गई है। परिजनों के आने पर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुदीश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। संज्ञान में आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।