- ग्रामीणों ने जिला प्रदूषण अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। बागपत रोड स्थित पांचली खुर्द क्षेत्र में संचालित पेपर मिल से फैल रहे प्रदूषण के विरोध में क्षेत्र के ग्रामीणों ने सोमवार को जिला प्रदूषण अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पेपर मिल से निकलने वाला धुआं, दूषित जल और औद्योगिक अपशिष्ट आसपास के गांवों और कॉलोनियों के लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गया है। उनका कहना है कि प्रदूषण के कारण क्षेत्र में श्वास संबंधी बीमारियां, अस्थमा, टीबी, हेपेटाइटिस और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि पेपर मिल के बाहर दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतारें लगने से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। सुबह के समय जाम की समस्या बनी रहती है। इससे स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दिल्ली से प्लास्टिक और अन्य कचरा लाकर भी यहां जलाया जाता है, जिससे प्रदूषण और अधिक बढ़ रहा है। साथ ही मिल की मशीनों का शोर कई किलोमीटर दूर तक सुनाई देता है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रदूषण अधिकारी से मामले की तत्काल जांच कर पर्यावरणीय नियमों के तहत पेपर मिल के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और जनहित को देखते हुए मिल को बंद या स्थानांतरित कराने की मांग की। ज्ञापन पर पांचली खुर्द, घाट, नंगला जमालपुर, अफजलपुर पावटी, रामपुर पावटी, एपेक्स कॉलोनी, गोडविन कॉलोनी सहित आसपास के गांवों और कॉलोनियों के ग्रामीणों ने समर्थन जताया।