छपरौली थाना क्षेत्र के औढ़ापुर गांव में महिला की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें मामूली विवाद को लेकर पांच-छह लोग महिला की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। पीड़ित महिला ने एएसपी से शिकायत कर छपरौली पुलिस ने कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
औढ़ापुर गांव निवासी फरमीना पत्नी मोहम्मद अली ने बताया कि तीन जनवरी को उसकी बेटी घर के पास दुकान पर सामान लेने गई थी। दुकानदार ने बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया। बेटी रोती हुई घर वापस आई। वह शिकायत करने गई तो दुकानदार से उसका विवाद हो गया। इसी को लेकर दुकानदार पक्ष के पांच-छह लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई।
इस पूरी घटना की वीडियो बनाई गई और बाद में वीडियो वायरल कर दिया। पीड़ित महिला ने छपरौली थाने पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। उसने एएसपी राजेश कुमार को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एएसपी ने बताया कि महिला की पिटाई का वीडियो मिला है। जांच कराई जा रही है। महिला का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।