मुजफ्फरनगर के छपार की बसेड़ा चौकी में तीन युवकों को अमानवीय यातनाएं देने का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मियों ने युवकों को पिलर से बांधकर थर्ड डिग्री दी। इस दौरान वहां बैठे किसी शख्स ने वीडियो बनाकर वायरल कर दी। वीडियो सामने आने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला संज्ञान में आते ही एसएसपी ने पूरी पुलिस चौकी को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पिटाई करने वाले दो पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी गई है।
पूरा मामला छपार थाने की बसेड़ा पुलिस चौकी से जुड़ा है। चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी किसी की शिकायत के चलते तीन युवकों को उठाकर लाए थे। वर्दी के नशे में चूर पुलिसकर्मियों ने मानवता को ताक पर रख दिया। पुलिसकर्मियों ने बिना तहरीर दिए तीनों युवकों को घंटों तक कब्जे में रखा। इसके बाद सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाई गईं। एक-एक कर तीनों युवकों को पिलर में एक अन्य व्यक्ति से हाथ पकड़वा कर थर्ड डिग्री दी गई। युवक रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन पुलिस कर्मियों ने एक न सुनी। पुलिसकर्मी युवकों की चीख पर ठहाके लगाते रहे। इस दौरान पब्लिक के कुछ लोग भी चौकी में बैठे थे, जो युवकों की पिटाई होते देख रहे थे। इसी दौरान किसी ने पुलिसकर्मियों की हरकत का पूरा नजारा मोबाइल में कैद कर लिया। शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हुई तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल एसएसपी अनंत देव ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर दी। एसएसपी के आदेश पर एसपी सिटी ओमबीर सिंह ने बसेड़ा चौकी प्रभारी रविंद्र नागर समेत पांच पुलिस कर्मचारियों को लाइनहाजिर कर दिया। जिनमें दो पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल सतीश त्यागी, कांस्टेबल अरुण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह दोनों पुलिसकर्मी वीडियो में साफ तौर पर पिटाई करते हुए नजर आ रहे हैं। एसपी सिटी ने बताया कि बसेड़ा पुलिस चौकी को लाइन हाजिर किया गया है। सीओ सदर को दो दिन में मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/