मुजफ्फरनगर। पुरकाजी के गांव नूरनगर में रात के समय फायरिंग प्रकरण में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। ऐसा आरोप लगा कर पीड़ित पक्ष ने भीम आर्मी जय भीम संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंच कर कार्रवाई की मांग की।
भीम आर्मी जय भीम संगठन के जिलाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में पीड़ित दीपक आदि एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। सभी लोगों ने कहा कि धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराने से क्षुब्ध आरोपी पक्ष ने दस दिन पहले रात में पीड़ित पक्ष के घर पर फायरिंग की थी। पुलिस ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की। इसके अलावा गांव चमरावाला निवासी अजय आदि के साथ मारपीट करने का भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने इस मामले में भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत को शिकायती पत्र दिया गया है। एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।