- अतराड़ा पुलिस चौकी से करीब 10 कदम दूर मीट से बने व्यंजन बेचने व पुलिस पर संरक्षण का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा (मेरठ)। खरखौदा थाना क्षेत्र में अतराड़ा पुलिस चौकी से करीब 10 कदम दूर सड़क किनारे कथित रूप से मीट से बने व्यंजन बेचे जाने को लेकर सोमवार को विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के जिला संयोजक हर्ष भारद्वाज अजराडा, सौरभ त्यागी, लड्डू शर्मा, सागर कुमार, हर्षित त्यागी, सचिन व सुमित पाल सहित सभी ने हंगामा किया।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस की जानकारी में होने के बावजूद दुकान पर खुलेआम मीट की बिक्री हो रही थी। उनका कहना है कि यदि कांवड़ यात्रा के दौरान इस प्रकार की गतिविधियों से कोई विवाद या तनाव की स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। संगठन के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दुकान बंद कराने और कार्रवाई की मांग की।
हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि दुकान संचालक मुस्लिम समुदाय से है और वह दिव्यांग होने के कारण दुकान पर अपने नाबालिग बेटे को बैठाकर मीट से बने व्यंजन बेचता है। उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान हर वर्ष इसी प्रकार दुकान संचालित की जाती है। शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। कार्यकर्ताओं ने इसे सुनियोजित प्रयास बताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की।
आरोप है कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान पर मौजूद नाबालिग को अपने साथ चौकी ले गई, लेकिन कुछ देर बाद बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही और नरमी के कारण क्षेत्र में कभी भी कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
सीओ किठौर सौम्या अस्थाना का कहना है कि मामले की जानकारी की जा रही है। नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।