मेरठ। वाहनों को चोरी कर उनके चेसिस नंबर बदलकर मुजफ्फरनगर में बेचने वाले गैंग का खुलासा हुआ है।
एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि सदर बाजार पुलिस ने शनिवार रात चेकिंग के दौरान सेंट्रो कार सवार तीन युवकों सोनू उर्फ लोबान पुत्र हमीद निवासी जोगियाखेड़ा थाना फुगाना मुजफ्फरनगर, मुरसलीन उर्फ गुड्डू पुत्र सलाउद्दीन निवासी हापुड़ चुंगी लिसाड़ी गेट मेरठ और अनस पुत्र दिलशाद निवासी पूर्वा फैयाज अली देहली गेट मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह सेंट्रो कार सरधना से चोरी की थी। वह दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ से वाहन चुराकर उन्हें मुजफ्फरनगर बेचते हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार के अलावा तीन बाइक और दो स्कूटी भी बरामद की।
एसएसपी ने बताया कि ये आरोपी वाहन चुराकर उनके चेसिस नंबर घिसकर बदल देते थे। फिर उनके नकली कागजात तैयार कराकर मुजफ्फरनगर ले जाकर बेच देते थे। इसका उन्हें अच्छा खासा पैसा भी मिल जाता था। पुलिस के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुजफ्फरनगर का वह शख्स बताया जा रहा है, जो चोरी के वाहन खरीदकर बेचने का काम करता था। उसकी धरपकड़ के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस से संपर्क साधा गया है। इसके अलावा गिरोह में कौन-कौन अभी और मौजूद हैं, पुलिस इसका भी पता लगाएगी।