संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना कंकरखेड़ा पुलिस ने बृहस्पतिवार को वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कंकरखेड़ा निवासी मोहम्मद गुलनाज उर्फ कुनाल व दो किशोरों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस बृहस्पतिवार को शिव चौक पर चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस ने आरोपी मोहम्मद गुलनाज को चेकिंग के लिए रोक लिया। पुलिस ने आरोपी से बाइक के कागज मांगे। इस पर आरोपी कागजात नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछने पर आरोपी ने बताया कि उसने कुछ दिन पूर्व अपने साथियों के साथ मिलकर सरधना रोड से बाइक चोरी की थी। आरोपी बाइक को बेचने की तैयारी कर रहा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने किशोरों को भी पकड़ लिया। आरोपियों के पास से पुलिस को चोरी की चार बाइक व एक स्कूटी बरामद हुई। पुलिस ने युवक को जेल व किशोरों को बाल सुधार गृह भेज दिया। एसपी सिटी का कहना है कि चोरी के वाहन खरीदने वालों की तलाश की जा रही है।
-