- अधिक किराये का लालच देकर बुलाया, चालक की सतर्कता से एक आरोपी पकड़ा, दूसरा भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव सलहापुर में तीन निराश्रित पशु चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने ऑनलाइन डिलीवरी के बहाने गाड़ी बुक कर चालक को अधिक किराये का लालच देकर गांव में बुलाया। इसके बाद घरेलू सामान पहुंचाने की बात कहकर उसकी गाड़ी में तीन गाय लाद दीं। आरोपियों की बातचीत से चालक को शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी अनुभव शर्मा पुत्र संजय शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 नवंबर को वह अपनी गाड़ी से डिलीवरी का काम कर रहा था। इसी दौरान हरियाणा के पलवल से एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अधिक किराया देने का लालच देकर उसकी गाड़ी को रोहटा क्षेत्र के गांव सलहापुर बुलाया। आरोप है कि गांव पहुंचने पर सादिक और भूरा ने उसे घरेलू सामान लाने की बात कही और उसकी गाड़ी में तीन गाय लाद दीं।
दोनों की बातचीत सुनकर चालक को शक हुआ। उसने पुलिस चौकी का नंबर लेकर तत्काल सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पूछताछ की तो सादिक ने अपने साथी के साथ मिलकर गाय चोरी करने की बात स्वीकार की। इसी बीच भूरा मौके से फरार हो गया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने सादिक को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से करीब 10 फीट रस्सी और एक डंडा बरामद किया। पुलिस ने चालक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।