उत्तराखंड को सब्जी की आपूर्ति ने बिगाड़े रेट
मेरठ। स्थानीय नवीन सब्जी मंडी उत्तराखंड की जनता को भी हरी सब्जियां उपलब्ध करा रही है। उत्तरांचल के अधिकतर इलाकों में नवीन सब्जी मंडी से सब्जी पहुंच रही है। जिसके कारण सब्जी के दाम भी बढ़ने शुरू हो गए हैं। जनपद और प्रदेशों की सीमाएं भले ही लॉक हों, लेकिन सरकार ने खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहनों को पास जारी कर दिए हैं। रात में 2 बजे से ही मंडी गुलजार होने लगी है। सुबह 6 बजे तक थोक विक्रेता मंडियों से सब्जियां खरीद कर अपने गंतव्य की तरफ प्रस्थान कर रहे हैं। सब्जी मंडी में बढे़ सब्जी के रेटों का असर महानगर की गली मोहल्लों में फुटकर सब्जी विक्रेताओं द्वारा बेची जा रही सब्जी पर भी देखने को मिल रहा है। नवीन मंडी के थोक विक्रेताओं का कहना है कि मंडी में सब्जी की कोई कमी नहीं है। दिल्ली, राजस्थान और अन्य कई प्रदेशों से नवीन सब्जी मंडी में सीधे सब्जियां पहुंच रही हैं।
- पहाड़ों पर दूर तक पहुंच रही है सब्जी
दिल्ली रोड स्थित नवीन सब्जी मंडी से रुड़की, हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, कोटद्वार तक ही नहीं, बल्कि पहाड़ी क्षेत्रों में काफी शहर और गांवों तक सब्जी पहुंच रही है। पिछले दो-तीन दिन से नवीन सब्जी मंडी में सब्जी का कारोबार बढ़ा है। जिला प्रशासन ने खाद्य सामग्री से संबंधित वाहनों को पास जारी कर दिए हैं। जिस करण पास धारक वाहन मंडियों से सामान ले जा रहे हैं। नवीन मंडी के गेट पर तैनात पुलिस भी पास प्राप्त वाहनों को ही मंडी में प्रवेश दे रही है। ताकि मंडी में फुटकर विक्रेताओं की भीड़ न पहुंचे।
- कुछ सब्जियों के दाम बढे़ हैं
नवीन सब्जी मंडी के थोक व्यापारी पद्म सिंह सैनी का कहना है कि रात में 2 बजे से ही मंडी में थोक खरीदारों की भीड़ जुटने शुरू हो जाती है और सुबह 6 बजे तक उत्तराखंड और जनपद की अन्य छोटी मंडियों से आने वाले सब्जी खरीदार थोक में सब्जी लेकर लौट जाते हैं। जिससे लॉकडाउन पर भी कोई असर नहीं पड़ता है। खपत बढ़ने के साथ-साथ कुछ सब्जियों के दाम भी बढ़े हैं। आलू की खुदाई बंद हो गई है, जिसके कारण कुछ खेतों पर रखा आलू अब तक मंडी पहुंचा था। अब कोल्ड स्टोरेज में जमा आलू की मंडी में आपूर्ति शुरू होगी।
- सेना को भी मंडी से पहुंच रही सब्जी
दिल्ली रोड स्थित नवीन सब्जी मंडी से सैनिकों को भी सीधे हरी सब्जी सप्लाई होती है। सेना के ठेकेदार दिन निकलने से पहले ही अपने वाहनों के साथ मंडी पहुंच रहे हैं। पुलिस व पीएसी को भी नवीन सब्जी मंडी और लोहिया नगर मंडी से सब्जी की आपूर्ति हो रही है।
------
सब्जी मंडी में थोक भाव
आलू 18 से 20 रुपये किलो
टमाटर 25 से 30 रुपये किलो
करेला 20 से 25 रुपये किलो
प्याज 10 से 12 रुपये किलो
देसी खीरा 10 रुपये किलो
हाइब्रिड खीरा 4 से 5 रुपये किलो
फूलगोभी 12 रुपये किलो
हरी मिर्च 15 से 16 रुपये किलो
लोकी 10 से 15 रुपये किलो
-------
शहर में सब्जियों के फुटकर भाव
आलू 25 रुपये किलो
टमाटर 40 रुपये किलो
करेला 40 रुपये किलो
प्याज 25 रुपये किलो
देसी खीरा 20 रुपये किलो
हाइब्रिड खीरा 15 रुपये किलो
हरी मिर्च 25 से 30 रुपये किलो
लोकी 25 रुपये किलो
-------------