संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। वर्धमान कॉलेज में अंडर-14 वर्ग में वीसीए क्रिकेट एकेडमी और वर्धमान क्रिकेट एकेडमी के बीच मैच खेला गया। तीन सुपर ओवर के बाद वीसीए ने एक विकेट से मैच जीता। मैन ऑफ द मैच 70 रन बनाने वाले वंश शर्मा रहे।
शनिवार को आयोजित मैच में वीसीए क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में सभी विकेट खोकर 176 रन बनाए। वंश शर्मा नाबाद ने 70 रन, कप्तान हिमांशु और रूद्र यादव ने 12-12 रन बनाए। वर्धमान क्रिकेट एकेडमी की ओर से कुशाग्र और रिहान ने तीन-तीन, अथर्व, मौर्य चौधरी व दक्ष बालियान ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में वर्धमान क्रिकेट एकेडमी की टीम ने भी सभी विकेट खोकर 176 बनाए। प्रलभ शांतनु ने नाबाद 54, आर्यवीर ने नाबाद 52, नमन व दक्ष ने 14-14 रन बनाए। दोनों टीमों के रन बराबर रहने की वजह से मैच टाई हो गया। इसके बाद तीन सुपर ओवर हुए। पहला सुपर ओवर छह रन पर टाई, दूसरा सुपर ओवर आठ रन पर टाई हुआ। इसके बाद तीसरे सुपर ओवर में वीसीए ने एक विकेट से मैच जीता।
मैच के अंपायर शानू और संस्कार बालियान रहे। स्कोरर हिर्दयांश रहे। इस मौके पर डॉ. जयदीप शर्मा, सहायक कोच मोहम्मद मोहसिन, अमित श्रीवास्तव, बिशन, राजू, विशाल चौधरी आदि मौजूद रहे।