मेरठ के अब्दुल्लापुर में शुक्रवार को पुरानी रंजिश और लेनदेन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग हो गई। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं फायरिंग होती देख दुकानदार बाजार बंद कर चले गए।
भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर स्थित बाजार मोहल्ला निवासी फिरोज पुत्र हाजी अकबर शुक्रवार दोपहर अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। फिरोज का आरोप है कि पूर्व पार्षद नदीम मेवाती अपने एक दर्जन साथियों के साथ हथियार लेकर उसकी दुकान पर पहुंचा और उस पर तीन माह पूर्व हुए विवाद में समझौता कराने का दबाव बनाने लगा। जिस पर फिरोज ने इंकार कर दिया तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट करते हुए फायरिंग कर दुकान में तोड़फोड़ कर दी। मारपीट के दौरान फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर एसओ भावनपुर कर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसओ का कहना है कि जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जायेगी।
पढ़ें : छेड़छाड़ को लेकर दलित-ठाकुरों में खूनी संघर्ष, भारी पुलिसबल तैनात, देखें तस्वीरें