- वृंदावन के रॉक बैंड ने भजनों से बांधा समां, एक हजार किलो फूलों की पंखुड़ियों से खेली होली
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। भजनों की मधुर तान, डांडिया की खनक और फूलों की पंखुड़ियों की बरसात। महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को वीनस गार्डन भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठा। श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित ‘एक शाम महाराज अग्रसेन के नाम’ कार्यक्रम में वृंदावन के सनातन्स रॉक बैंड ने भजनों से समां बांधा। एक हजार किलो फूलों की पंखुड़ियों से खेली गई फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रही।
‘मीठे रस से भर्यो री, राधा रानी लागे’, ‘मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे’, ‘मेरे बांके बिहारी लाल’ और ‘तुम इतना न करियो श्रृंगार’ जैसे भजनों पर युवा, महिलाएं और पुरुष झूम उठे। डांडिया की थाप और फूलों की होली ने आयोजन में ब्रज की छटा बिखेर दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साह से भाग लिया। ट्रस्ट अध्यक्ष ज्ञानेंद्र अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का ‘एक ईंट, एक रुपया’ का संदेश सहयोग, समानता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने मंदिर निर्माण और जनसेवा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
भाजपा मेरठ महानगर के कोषाध्यक्ष अमित गर्ग ने वैश्य समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाते हुए योग्य उम्मीदवारों को अधिक अवसर देने की अपील की। पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. सरोजिनी अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को संस्कृति, विरासत और संस्कारों से जोड़ते हैं। ट्रस्ट महामंत्री गिरीश कुमार बंसल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाकर ही सेवा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाया जा सकता है। कार्यक्रम में अनुराधा, डॉ. रामकुमार गुप्ता, महेंद्र कुमार गुप्ता, सुरेश गुप्ता, मुकेश, अतुल्य, पुलकित, अजय, अमित, विकास और दीपक मौजूद रहे।