- स्टेप टू सक्सेस में चल रही राष्ट्रीय रस्सी कूद प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बागपत रोड स्थित स्टेप टू सक्सेस स्कूल में चल रही राष्ट्रीय रस्सी कूद प्रतियोगिता में दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिया। एंड्यूरेंस स्पीड इवेंट में अंडर-19 वर्ग में आंध्र प्रदेश के सर सीआर रेड्डी पब्लिक स्कूल के छात्र वी. रशिल साई और अंडर-14 में नागपुर महाराष्ट्र के बीपीवी मंदिर स्कूल के त्रिग्या मून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दूसरे दिन प्रतियोगिता से पूर्व मुख्य अतिथि पूर्व अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश सरकार महेश गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। विद्यालय के सचिव संजय बंसल व प्रधानाचार्य डॉ. रश्मि मिश्रा ने उनका स्वागत किया। प्रत्येक मुकाबले में खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और जीत के प्रति समर्पण देखने योग्य रहा। इस चुनौतीपूर्ण खेल में उनकी फुर्ती, एकाग्रता और शारीरिक दक्षता ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। प्रधानाचार्य ने सभी खिलाड़ियाें को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का मंच प्रदान करती हैं।
ये रहे दूसरे दिन के नतीजे
आयोजन सचिव विपिन कुमार ने बताया कि रविवार को स्पीड एंड्यूरेंस इवेंट हुआ। इसमें अंडर-14 वर्ग में नागपुर महाराष्ट्र के बीपीवी मंदिर स्कूल ने छात्र त्रिग्या मून ने 422 अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया। तमिलनाडु के प्राथिमाना 408 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर मध्य प्रदेश भोपाल के शारदा विद्या मंदिर के छात्र हार्दिक यादव रहे। उन्होंने 375 अंक प्राप्त किया। वहीं, अंडर-19 वर्ग में आंध्र प्रदेश के गोदावरी में स्थित सर सीआर रेड्डी स्कूल के वी. रशिल ने 436 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। नई दिल्ली के बाल भारती पब्लिक स्कूल के मनीष ने 425.5 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। जनकपुरी के रेम्बो इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल के आरव शर्मा ने 418.5 अंको के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देर शाम तक मुकाबले होते रहे।