- छत्तीसगढ़ में हुई प्रतियोगिता में मेरठ के खिलाड़ियों ने भी किया सराहनीय प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। छत्तीसगढ़ के नारायणपुल में आयोजित सब जूनियर नेशनल महिला फुटबाल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम विजेता रही। उत्तर प्रदेश की टीम ने केरल की टीम को 2-1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। टीम में मेरठ मंडल से भी कई खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर टीम को खिताब दिलवाया।
जिला फुटबाल संघ के सचिव ललित पंत ने बताया कि बालिका टीम ने पहली बार सब जूनियर बालिका नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में केरल को दो एक से पराजित कर सब जूनियर नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। खेल शुरू होते ही उत्तर प्रदेश की बालिका फुटबॉल टीम ने केरल पर शुरू से ही दबाव बनाना शुरू कर दिया और लगातार आक्रमण जारी रखा।
प्रथम हाफ की समाप्ति पर दोनों ही टीम 0-0 पर रही। दूसरे हाफ में उत्तर प्रदेश टीम के हेड कोच रवि कुमार पुनिया ने रणनीति में परिवर्तन करवाया। इसके परिणामस्वरूप खेल के 52वें मिनट में नीतू कुमारी ने उत्तर प्रदेश के लिए पहला गोल किया। खेल के 65वें मिनट में गरिमा ने गोल कर उत्तर प्रदेश का स्कोर 2-0 कर दिया। टीम की सभी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।