आखिरकार नतीजे की घड़ी आ पहुंची है। जनता का फैसला आज ईवीएम से बाहर निकल जाएगा। बागपत का ताज किसके सिर पर सजेगा। भाजपा और रालोद के बीच कड़ा मुकाबला है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. सत्यपाल सिंह और रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी में जिसकी भी जीत होगी, वह दूसरी बार लोकसभा पहुंचेगा। दोनों एक-एक बार सांसद रह चुके हैं।
लख्मी चंद पटवारी कॉलेज खेकड़ा में बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। पुलिस-प्रशासन और राजनीतिक दलों ने मतगणना को लेकर तैयारियां की। एग्जिट पोल और मतदान के गणित पर दिनभर सियासी गलियारों में मंथन किया गया। बागपत लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार डा. सत्यपाल सिंह ने दूसरी बार चुनाव लड़ा है, जबकि रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने यहां से पहली बार चुनाव लड़ा। इससे पहले वह साल 2009 में मथुरा से सांसद रह चुके हैं। पहले चरण के मतदान में बागपत लोकसभा क्षेत्र के 10 लाख 36 हजार 918 वोटरों ने मतदान किया था। किस प्रत्याशी के हिस्से में जनता का कितना समर्थन आया, इस राज से आज पर्दा हट जाएगा। इस बार 64.59 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया था।
किस विधानसभा में कितना हुआ मतदान
विधानसभा महिला पुरुष कुल
छपरौली 88450 113314 201764
बड़ौत 81713 105069 186782
बागपत 88269 113829 202098
मोदीनगर 99118 122471 221590
सिवालखास 98165 126518 224684