मेरठ। प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री सुनील शर्मा ने मेले में भाग लिया। अर्जुन सिसौदिया, प्रशांत अग्रवाल, कोमल रस्तोगी द्वारा काव्य पाठ किया गया। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने मंत्री को बुके, शॉल तथा मेरठ महिला समूह द्वारा निर्मित गिफ्ट देकर स्वागत किया।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश से अब संगठित अपराध समाप्त हो चुका है। पूरे दुनिया से लोग उत्तर प्रदेश में आकर व्यापार करना चाहते हैं। उद्योग लगेगा तो इससे लोगों को रोजगार मिलेगा। उत्तर प्रदेश की सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है।
मंत्री ने सूरजपाल, दिलदार सिंह को शादी अनुदान हेतु स्वीकृति प्रपत्र, स्वाति शर्मा, निकिता शर्मा, चंदन कुमार भाटी, हर्ष, विनय, शुभम युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत टैबलेट का वितरण, संदीप वर्मा को पीएम विश्वकर्मा प्रशिक्षण प्रमाण पत्र योजना से लाभान्वित, श्रम विभाग से सुदेश, तबस्सुम जहां, आईटीआई साकेत से संदीप वर्मा, पशुपालन विभाग से शोभित शर्मा, हरेंद्र कुमार नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत लाभान्वित, महिला कल्याण विभाग से अनीता को निराश्रित महिला पेंशन योजना, नूपुर वर्मा को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना अंतर्गत लाभांवित किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, सीडीओ नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी अंबरीश कुमार, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार, डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव, बीएसए आशा चौधरी, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, उपायुक्त उद्योग दीपेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।