मेरठ। जिला अस्पताल में एक सप्ताह से इलाज करा रहे युवक की शुक्रवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगा हंगामा किया। देहलीगेट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। इसके बाद परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव घर ले गए।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सोहराब गेट निवासी सादमान (32) पुत्र इस्लामुद्दीन मीट की दुकान पर काम करता था। लीवर में इंफेक्शन होने पर एक सप्ताह पहले वह जिला अस्पताल में इलाज कराने आया था। चिकित्सक ने जांच करने के बाद उसे भर्ती कर लिया था। शुक्रवार को उसकी तबीयत में कुछ सुधार आया था। रात में उसने फोन पर परिजनों से बातचीत की। इसके बाद अचानक मौत हो गई। चिकित्सक ने युवक की मौत की खबर उसके परिजनों को दी। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। काफी देर हंगामा करने के बाद परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को घर ले गए।