अंसल कोर्ट यार्ड में अवैध कब्जा हटाने को लेकर हंगामा, दो पक्ष आमने-सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। हाईवे स्थित अंसल कोर्टयार्ड कॉलोनी में कथित अवैध कब्जे को लेकर शनिवार को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते धक्कामुक्की तक नौबत आ गई। सूचना पर पल्लवपुरम थाना पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
कॉलोनी के ए-ब्लॉक में एक फ्लैट स्वामी पर फ्लैट के पीछे खाली पड़ी कॉलोनी की भूमि पर दीवार खड़ी कर कमरा बनाकर कब्जा करने का आरोप है। इसे लेकर आसपास के निवासियों ने विरोध जताते हुए जिलाधिकारी से भी शिकायत की थी। मामला बढ़ने पर रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष अजीत भराला ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
इसके बाद कॉलोनी की महिलाओं और अन्य लोगों ने एकजुट होकर कथित अवैध निर्माण को हटाना शुरू कर दिया। इसी दौरान कॉलोनी में अन्य स्थानों पर अतिक्रमण करने वाले लोगों ने भी कार्रवाई का विरोध किया। विरोध बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पल्लवपुरम थाना पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने मांग उठाई कि सभी अवैध कब्जे हटाए जाएं ताकि भविष्य में विवाद न हो।
अजीत भराला ने कहा कि जिन लोगों ने कॉलोनी की भूमि पर अतिक्रमण किया है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर स्वयं कब्जा हटाने का अवसर दिया जा रहा है। यदि ऐसा नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि जांच की जा रही है।