मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के पूठा गांव स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम काॅर्पोरेशन लिमिटेड डिपो के मुख्य गेट पर शनिवार शाम ऑयल कंपनी द्वारा टैंकर प्रतिबंधित किए जाने से नाराज एक ट्रांसपोर्टर ने अपने तीन टैंकर खड़े कर दिए। अन्य टैंकर तेल भरने डिपो के अंदर नहीं जा सके। इससे गुस्साए अन्य ट्रांसपोर्टरों ने हंगामा कर दिया। टीपीनगर पुलिस और ऑयल डिपो के मैनेजर मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे ट्रांसपोर्टरों को समझाकर शांत किया।
पुलिस के अनुसार माधवपुरम निवासी सुनील कुमार के एचपी डिपो में पांच ऑयल टैंकर लगे हैं। चार महीने पहले उत्तराखंड के रुड़की डिपो में तेल की सप्लाई करने गए सुनील के टैंकरों के लाॅक में छेड़छाड़ मिली थी। रुड़की डिपो की ओर से इसकी शिकायत ई मेल के द्वारा मेरठ डिपो और मुंबई स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मुख्य कार्यालय में की गई। जांच में मामला सही पाए जाने पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के द्वारा सुनील के टैंकरों को बैन कर दिया गया। शनिवार सुबह जब सुनील के टैंकर डिपो में तेल भरवाने पहुंची तो सुरक्षाकर्मियों ने टैंकर बैन होने की बात कहकर अंदर जाने से रोक दिया। सुनील ने अपने अन्य तीन टैंकर शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे डिपो के मुख्य गेट पर खड़े कर दिए। जानकारी पर पुलिस पहुंची और डिपो मैनेजर को मौके पर बुलाया। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर टैंकर को डिपो गेट से हटवाया। इस दौरान लगभग ढाई घंटे तक काम प्रभावित रहा। सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई जाएगी।