मानदेय नहीं मिलने पर सफाई कर्मियों का हंगामा
सरूरपुर। नगर पंचायत हर्रा के सफाई कर्मचारियों ने मानदेय नहीं मिलने पर बृहस्पतिवार को हड़ताल की। उन्होंने कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। अधिशासी अधिकारी पर आरोप लगाते हुए दीपावली पर्व पर अफसरों से मानदेय दिलाने की गुहार लगाई है।
नगर पंचायत हर्रा के सफाई कर्मचारी बृहस्पतिवार सुबह नगर पंचायत कार्यालय पर पहुंचे और हंगामा प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सुबह से ही सफाई का काम दीपावली पर्व होने के बावजूद ठप रखा और नगर में सफाई नहीं की। जिसके चलते नगर में चारों ओर गंदगी पसर गई। लोगों को दिवाली जैसे पर्व पर गंदगी से जूझना पड़ा। कर्मचारियों ने हंगामा करते हुए अधिशासी अधिकारी पर आरोप लगाया मानदेय देने का आरोप लगाया है।
सफाई कर्मियों के ठेकेदार ने उन्हें बताया कि अधिशासी अधिकारी द्वारा चेक नहीं दिए जाने के कारण मानदेय कर्मचारियों को नहीं दिया जा सका है। सफाई कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से मानदेय दिलाने की गुहार लगाई है।