मेरठ। पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान किराया नहीं देने पर एक दुकानदार को हवालात में डाल दिया है। इस पर व्यापारियों ने थाने में पहुंचकर हंगामा किया। मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने दुकानदार को छोड़ दिया।
ट्रांसपोर्ट नगर में सलीम की वेल्डिंग की दुकान है। लॉकडाउन के चलते दुकान तीन महीने से बंद थी। दुकान मालिक व्यापारी सलीम से बार-बार तीन महीने का किराया मांग रहा है। सलीम ने असमर्थता जताई। इस पर दुकान मालिक ने पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिस ने सलीम को शुक्रवार को हवालात में बंद कर दिया। इसकी जानकारी पाकर पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा, आशु शर्मा और व्यापारी टीपी नगर थाने पहुंचे। उन्होंने व्यापारी सलीम को थाने से छुड़ाया। वहीं, पंडित आशु शर्मा का आरोप है कि पुलिस दबाव बनाकर दुकान खाली कराना चाहती है। इस मामले की उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। इस दौरान बागपत रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष अभि जैन, महामंत्री सदर वर्मा उपाध्यक्ष अंकुर गोयल, पीयूष वशिष्ठ, विपिन कौशिक मौजूद रहे। उधर, सीओ चक्रपाणी त्रिपाठी का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।