लापता बेटे की बरामदगी को भटक रहे परिजनों का थाने पर हंगामा
मेरठ। चार दिन से लापता बेटे की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने रविवार को कंकरखेड़ा थाने में हंगामा किया। आरोप है कि पुलिस उनके बेटे को बरामद नहीं कर रही है। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अनूप नगर फाजलपुर निवासी जसवंत का 20 वर्षीय बेटा रूपक 25 जून की शाम दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन वापस नहीं आया। 26 जून को परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। जब बेटे का कुछ पता नहीं चला तो रविवार को परिजनों ने थाने पर हंगामा किया। रूपक की मां रो-रोकर पुलिस से बेटे की बरामदगी की मांग कर रही थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में जिन लोगों को उठाया था, उन्हें सेटिंग कर छोड़ दिया है। जान बूझकर पुलिस उनके बेटे को बरामद नहीं कर रही। हंगामे की सूचना पर इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा बीएस राणा मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराया। उन्होंने बताया कि जिन तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था। उनसे सख्ती से पूछताछ करने के बावजूद कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। प्रेम प्रसंग के बिंदु पर भी पुलिस ने तफ्तीश शुरू की है। उन्होंने जल्द उनके बेटे को जल्द बरामद करने का भरोसा दिया।