मवाना। कस्बा निवासी युवक ने बीते दो माह से पत्नी और उसकी दो बहनों को परेशान कर रखा है। पीड़ितों का आरोप है कि उसने फेसबुक पर उनके फोटो के साथ आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड की है। साथ में उनके घर का फोन नंबर डालकर बदनाम किया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परेशान हैं। उनका कहना है कि सीएम से मिलकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
मवाना थाने के एक गांव निवासी व्यक्ति ने एसएसपी को दिए पत्र में बताया कि वह पेशे से किसान है। उसने बड़ी पुत्री की शादी चार साल पहले मवाना निवासी युवक से की थी। वह आए दिन उसकी पुत्री से मारपीट करता था तथा जबरन दो बार गर्भपात करा दिया। इसमें आरोपी का पिता भी साथ देता था। वहीं, आरोपी उसकी बेटियों को घर से उठा ले जाने की धमकी देता है। साथ ही उसके बेटों को जान से मारने की धमकी दे रखी है।
आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर उसके परिजनों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालनी शुरू कर दी। उनके घर का फोन नंबर भी डाल दिया। जिससे फोन करने वाले अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, उसकी पुत्रियों का घर से बाहर निकलना दुश्वार हो गया है। इससे पूरा परिवार तनाव में है। उनका कहना है कि आरोपी का पिता स्वयं को भाजपा नेता बताता है। इस कारण पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।
वहीं, इस मामले में पीड़ित द्वारा आरोपी एवं उसके पिता के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने बीती रात आरोपी को पकड़ा था, लेकिन दबाव के चलते छोड़ दिया। वहीं, थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। बीती रात दबाव बनाने के लिए परिवार के सदस्य को उठाकर लाए थे। जिसको बाद छोड़ दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। विधायक दिनेश खटीक का कहना है आरोपी का भाजपा से कोई लेनादेना नहीं है। उन्होंने थाना प्रभारी को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा है। सोमवार को पीड़ित परिवार इस मामले को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलकर कार्रवाई एवं परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाएगा।