मेरठ। सीसीएसयू कैंपस की लाइब्रेरी के अपग्रेडेशन को दो करोड़ रुपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है। इससे लाइब्रेरी में ई-रिसोर्स बढ़ाए जाएंगे। स्प्रिंगर नेचर ई-बुक्स कलेक्शन और रूटलीडर ई-बुक्स कलेक्शन सब्सक्राइब किया जाएगा। इससे शोधार्थी को बड़ा लाभ मिलेगा। शुक्रवार को विश्वविद्यालय में हुई वित्त समिति की बैठक में इस निर्णय पर मुहर लगा दी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्टार्टअप सेल एवं इन्क्यूवेशन सेंटर में संविदा पर इन्क्यूबेशन मैनेजर की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। शिक्षक कल्याण कोष के संबंध में गठित कमेटी की आख्याओं पर विचार करते हुए निर्णय लिया गया। तय किया गया कि विवि परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों के नियमित शिक्षक एवं स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रमों में कार्यरत शिक्षकों (सात वर्ष की निरंतर सेवा अवधि) को गंभीर बीमारी की दशा में सहायता राशि के रूप में अधिकतम दो लाख रुपये, सामान्य बीमारी में अधिकतम पचास हजार रुपये तथा शिक्षक की मृत्यु की दशा में मृतक के आश्रित को पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। एक शिक्षक पूरी सेवा अवधि में दो बार ही आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकता है।
बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने की। बैठक में कुलसचिव धीरेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, प्रो. नरेंद्र कुमार विश्नोई, प्रो. राजीव कुमार गुप्ता, अतुल कुमार सिंह एवं प्रेस प्रवक्ता प्रो. प्रशांत कुमार मौजूद रहे।