छपरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात में घायल महिला ग्रामीणों को पड़ी मिली। ग्रामीणों ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया।
हालत में सुधार होने पर महिला ने बताया कि वह लाल कुर्ती मेरठ की रहने वाली है। उसके माता-पिता की बीमारी के चलते कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उसका एक भाई और भी था जो पेपर मिल में दुर्घटना में मर चुका है। उसके मामा ने इसका फायदा उठाकर उसे बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति को 50 हजार रुपये में बेचा। व्यक्ति ने तीन माह तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद उसने बड़ौत क्षेत्र के दूसरे गांव में एक व्यक्ति को 50 हजार रुपये में बेच दिया। उसने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। दो सितंबर को छपरौली क्षेत्र के एक गांव में उसे बेचा गया। पचास हजार रुपये में खरीदी गई महिला को घर में बंधक बनाकर रखा गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। उसे भूखा-प्यासा रखकर पिटाई की गई।
शुक्रवार की रात में वह किसी तरह मौका पाकर घर से भाग निकली और पास के गांव में पहुंच गई। इस संबंध में छपरौली थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि घायल महिला की सूचना तो मिली थी। उसको डायल 100 पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया। महिला को मेरठ रेफर किया गया यहां महिला के बयान के मुताबिक मामले की छानबीन की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/