यूपी-यूके न्यूरोकॉन : शुगर और हाई ब्लड प्रेशर बना सकता है मानसिक रोगी
मेरठ। हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) और शुगर (मधुमेह) के मरीजों को मानसिक रोगी होने का खतरा ज्यादा है। तनाव से दूर रहकर और दिनचर्या दुरुस्त कर काफी हद तक बीमारियों से बचा जा सकता है। देशभर में इस समय 10 करोड़ ब्लड प्रेशर और 8 करोड़ शुगर के मरीज हैं। यह कहना है कन्नौज के प्रिंसिपल और न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. नवनीत कुमार का।
वह शनिवार को मेडिकल कॉलेज में मेरठ न्यूरो क्लब के बैनर तले चल रहे यूपी-यूके न्यूरोकॉन के 26वें सेमिनार में विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि माइग्रेन, मिर्गी, ब्रेन स्ट्रोक, सिर की चोट आदि कई तरह की मानसिक बीमारियां हैं। इनमें कुछ जेनेटिक होती हैं, जबकि कुछ दिनचर्या और बाकी बीमारियों से जुड़ी होती हैं। उच्च रक्तचाप और शुगर के अलावा मोटापा भी मानसिक रोगों का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को आपस में अनुभव साझा करने चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके। निजी अस्पतालों में इलाज महंगा होने की वजह यह है कि 25 प्रतिशत सरकारी अस्पताल इलाज कर रहे हैं और 75 प्रतिशत मरीजों का निजी चिकित्सक। नई-नई तकनीक आ गई हैं, दवाइयां महंगी हैं। सरकारी में सुविधाएं बढ़ें तो ही इलाज सस्ता हो सकता है। इस समय देश में 526 मेडिकल कॉलेज हैं और सात लाख चिकित्सक। सरकारी में साढ़े छह लाख बेड हैं। हर साल 70 हजार एमबीबीएस चिकित्सक कॉलेजों से निकलते हैं। दरअसल, एक हजार की आबादी पर एक चिकित्सक होना चाहिए। इस दौरान प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. परवेज अहमद, डॉ. धीरज बालियान और डॉ. लोकेश कुमार आदि रहे।
भूखे रहना और धूप भी बढ़ा सकती है माइग्रेन
लखनऊ एसजीपीजीआई से आए डॉ. विमल पालीवाल ने बताया कि माइग्रेन, जिसे आधा सीसी दर्द भी कहते हैं, यह जेनेटिक डिसॉर्डर है। मरीज अगर भूखा रहता है, गर्मियों में धूप में रहता है तो भी माइग्रेन का दर्द हो सकता है। मरीज को तनाव से दूर रहना चाहिए, योग करना चाहिए।
आर्टिफिशियल ज्वाइंट इंप्लांट पर चल रहा शोध
न्यूरो सर्जन डॉ. डीकेवत्सल ने बताया कि गर्दन में दिमाग के बीच होने वाले क्रेनिया सर्वाइकल के लिए नए शोध चल रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि आर्टिफिशियल ज्वाइंट इंप्लांट किया जाए, जिससे गर्दन घूम भी सके। रिसर्च जारी है।
चोट से आई सूजन को दूर करना आसान
लखनऊ से आए डॉ. यूके मिश्रा ने बताया कि नई-नई दवाएं और तकनीक आ गई हैं। अब चोट के बाद दिमाग में आई सूजन को दूर करना आसान हो गया है।
डॉ. प्रदीप भारती को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
मेरठ न्यूरो क्लब के बैनर तले चल रहे यूपी-यूके न्यूरोकॉन के 26वें सेमिनार में शनिवार को वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रदीप भारती को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया।