तवेला गढ़ी गांव की पट्टी बंजारन में पट्टी बंजारन के सैकड़ों किसानों की हिंडन नदी के दूसरी तरफ कृषि भूमि है। किसान प्रति दिन जान हथेली पर रखकर नदी पार करते हैं। वर्तमान समय में हिंडन नदी में जल स्तर बढ़ा हुआ है, जिस कारण नदी पार करते समय ज्यादा जोखिम रहता है।
शुक्रवार को किसान इंशाद, सर्वेश और शेख अली भैंसा बुग्गी में सवार होकर नदी के दूसरी तरफ खेत में चारा लेने जा रहे थे। हिंडन नदी में तेज बहाव के कारण भैंसा-बुग्गी बह गई। बुग्गी में सवार किसानों ने शोर मचा दिया। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने गांव में मोबाइल से इसकी सूचना दी और गांव में ऐलान कराया।
सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों किसानों को किसी तरह बचाया, लेकिन नदी में डूब कर भैंसें की मौत हो गई। लोगों ने मृत भैंसें को किसी तरह नदी से बाहर निकाला। इस हादसे के बाद दहशत में आए किसानों का कहना है कि एक सप्ताह पहले झूंडपुर में नदी पार करते समय भैंसें की पानी में डूबकर मौत हो गई थी। प्रशासन ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। अब पट्टी बंजारन में हादसा हो गया। किसानों की जान खतरे में है। उन्होंने नदी पर पुल बनवाने की मांग की है। लेकिन जिले के अफसर इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/