उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीत लहर के संकेत हैं। बरेली में न्यूनतम तापमान 3.8 और मुजफ्फरनगर में 3.9 के साथ शीतलहर ने दस्तक दे दी है। मेरठ में ठंड को देखते हुए 13 और 14 को नौवीं तक के स्कूल बंद रहेंगे।
यूपी के मेरठ में कड़ाके की ठंड के चलते बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बड़ा आदेश दिया है। डीएम के आदेश के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा परिषद, संस्कृत शिक्षा बोर्ड, मदरसा बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से संबंधित सभी स्कूलों में प्री-नर्सरी से कक्षा 9 तक की कक्षाएं 13 और 14 जनवरी तक बंद रहेंगी।
विज्ञापन
कक्षा दस से बारहवीं तक के छात्रों के लिए स्कूल सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। परीक्षाएं पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन ने सभी स्कूलों से आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। अभिभावकों से अपील है कि बच्चों की देखभाल करें।
सर्दी का सितम: घना कोहरा छाने से दृश्यता भी बेहद कम रही
मेरठ में देर रात घना कोहरा छाने से दृश्यता बेहद कम हो गई। इससे सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कड़ाके की ठंड के कारण आमजन कांपने को मजबूर हैं, और लोगों को ठंड से कोई खास राहत नहीं मिल पा रही है।
सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ाई
रात और दिन सर्द हो रहे है। रात का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पश्चिम उत्तर प्रदेश में शीतलहर के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है।
ठंड का सबसे अधिक असर मजदूर वर्ग रिक्शा चालकों ठेले वालों और खुले में काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। सुबह शाम ठंड इतनी तेज हो रही है कि लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं। घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों और शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं।
ट्रेन और बसों की आवाजाही भी प्रभावित
कई स्थानों पर दृश्यता बेहद कम होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। वहीं ट्रेन और बसों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। मौसम वैधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री रहा।
प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, तापमान में आई गिरावट
पिछले दिनों तापमान में आई बढ़ोतरी के बाद सोमवार को प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल गया है। तापमान में आई गिरावट के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रात के समय शीत लहर और पाले की संभावना बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बरेली में न्यूनतम तापमान 3.8 और मुजफ्फरनगर में 3.9 के साथ शीत लहर ने दस्तक दे दी है। मंगलवार को तराई क्षेत्र में घने कोहरे के साथ कई जिलों में शीत लहर के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा पुनः परिवर्तित होकर उत्तरी पश्चिमी हो गई है। इसकी वजह से बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वांचल के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के शेष भाग में दिन और रात के तापमान में 1-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे चले जाने से शीतलहर जैसी स्थिति बनी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे चले जाने से शीतलहर जैसी स्थिति बन गई। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह और मोहम्मद दानिश ने बताया कि आगामी 48 घंटों के दौरान इसमें कोई विशेष परिवर्तन न होने के आसार हैं।
इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद व रूहेलखंड मंडल के जिलों में कहीं-कहीं रात में शीतलहर चलने के साथ पाला पड़ने की भी संभावना है। इसके बाद तापमान में क्रमिक वृद्धि से इसके समाप्त हो जाने की भी संभावना है।
दिन में धूप निकलने से ठंड से राहत मिलेगी
यद्यपि इस दौरान प्रदेश के उत्तरी तराई इलाकों में कहीं-कहीं भोर के समय घने कोहरे के साथ अन्य स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरे के पड़ने के आसार हैं। दिन चढ़ने के साथ तेजी से कोहरे के छंट जाने से दिन में धूप निकलने से ठंड से राहत मिलेगी।