शामली के कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर ट्रक से कुचलकर बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा महिला का देवर घायल हो गया। पुलिस ने बजरी से लदा ट्रक कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि गुरुवार सुबह जिला मेरठ के सरधना निवासी दानिश (28) अपनी भाभी सलमा (25) और भतीजे शयान (5) के साथ बाइक पर शामली आया था। सलमा के पुत्र शयान की तबीयत खराब होने के कारण उसे दवा दिलाने आए थे। दिल्ली बस स्टैंड के निकट स्थित निजी चिकित्सक से दवा दिलाने के बाद दोपहर में करीब ढाई बजे बाइक से तीनों घर लौट रहे थे।
शहर में मेरठ करनाल हाईवे पर बुढ़ाना मोड़ तिराहे के निकट नर्सिंगहोम के निकट पहुंचे तो आगे चल रहे बजरी से लदे ट्रक को ओवरटेक कर रहे थे, उसी समय ट्रक की साइड लगने से वह गिर गए। ट्रक के पहिये के नीचे आकर कुचले जाने से सलमा और उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दानिश घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: किसान आंदोलन: बाबा टिकैत जैसा नहीं दिख रहा जोश, पश्चिमी यूपी शांत, दिल्ली में गर्मा रही किसान सियासत
वहीं घटना के बाद हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों का जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए। घायल को सीएचसी शामली में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हाईवे पर यातायात का संचालन कराया, इसके बाद जाम खुल सका।
कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। दानिश के मामा की तरफ से ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/