मेडिकल थाना क्षेत्र में रजपुरा ब्लॉक कार्यालय में शुक्रवार दोपहर सदस्यता अभियान कार्यक्रम में भाजपा नेता दुष्यंत तोमर और तरुण में जमकर लात-घूंसे चले। दोनों के समर्थक भी भिड़ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को मेडिकल थाना क्षेत्र में रजपुरा ब्लॉक कार्यालय के महाराणा प्रताप सभागार में कार्यक्रम था। जिसमें जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा भी मौजूद थे। तभी जिला पंचायत सदस्य के बेटे दुष्यंत तोमर और तरुण तोमर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिलाध्यक्ष ने दोनों को सभागार से बाहर जाने के लिए कह दिया।
बाहर आते ही दुष्यंत और तरुण में जमकर मारपीट होने लगी। दोनों में गाली-गलौज और हाथापाई हुई। तभी दोनों के समर्थक भी आमने-सामने आकर मारपीट करने लगे। शोर सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग बाहर आए और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन दोनों नहीं माने।
जिलाध्यक्ष भी कार्यक्रम से बाहर आए और दोनों को अलग करने का प्रयास किया। मारपीट के दौरान कार्यालय परिसर में खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं के दोपहिया वाहन भी गिर गए। जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा का कहना है कि मैं बैठक में था। शोर सुनकर बाहर आया और दोनों पक्षों को समझाकर सुलह करा दी गई। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि मारपीट का वीडियो सामने आया है। मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो पर विपक्षी दलों ने ली चुटकी
भाजपा नेताओं के बीच मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने जमकर चुटकी ली। वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा का अनुशासन और भाजपा का सदस्यता अभियान जैसे कटाक्ष लिखे। घटना को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चा रही।