आर्य समाज मंदिर में युवती ने धर्म बदलकर शादी कर ली। जिसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। इस बीच युवती के परिजनों ने लालकुर्ती थाने में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता दिखानी शुरू की।
इस मामले में लालकुर्ती थाना पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था। पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर युवती को मेडिकल कॉलेज स्थित आशा ज्योति केंद्र भेज दिया था। युवती का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया भी चल रही थी। युवती अपने प्रेमी के साथ शादी करने की बात कह रही थी। लेकिन युवती के परिजन लगातार धमकी दे रहे थे।
बुधवार को युवक आशा ज्योति केंद्र पर युवती से मिलने गया था। इस बीच वहां युवती के परिजन भी पहुंच गए। आरोप है कि युवती के परिजनों ने आरोपी युवक को जबरन कार में डाल लिया और अगवा कर ले गये। इसकी जानकारी लगने पर लालकुर्ती थाने के कार्यवाहक एसओ मामले को दबाने में लग गए। जिसके बाद युवक के परिजनों ने मामले की जानकारी एसपी सिटी को दी।
बाद में एसपी सिटी और एएसपी कैंट ने कॉल डिटेल के आधार पर जांच पड़ताल की तो जैनपुर गांव के पास लोकेशन मिली। पुलिस ने युवक को बरामद किया तो परिजनों ने भी राहत की सांस ली। पुलिस ने युवती पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसपी सिटी रणविजय सिंह के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि युवती ने अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली थी। इस मामले में एक मामला लालकुर्ती थाने में पहले से दर्ज है। आशा ज्योति केंद्र से युवती के परिजन युवक को जबरन ले गए थे। पुलिस टीम ने युवक को बरामद कर लिया है। जांच कर पूरे मामले में कार्रवाई की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/