जी हां, बागपत के युवक ने जब अलीगढ़ में रहने वाली अपनी प्रेमिका से शादी करने के लिए इंकार कर दिया तो प्रेमिका को यह बर्दाश्त नहीं हुआ और वह प्रेमी के घर पहुंच गई। यहां शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के मुताबिक, दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक हरियाणा के सोनीपत में प्राइवेट नौकरी करता है। सात फरवरी 2018 को वह अपने दोस्त की शादी में अलीगढ़ के शेखुपुर गांव गया। जहां उसे एक युवती से प्रेम हो गया। युवक वापस लौट गया। दोनों की प्रेम कहानी आगे चली। युवक से हुए प्रेम प्रसंग के बारे में युवती ने जब अपने परिजनों को सच्चाई बताई तो परिजनों ने प्रेमी के साथ शादी करने से इंकार कर दिया। इस बात से नाराज युवती ने एक माह पहले जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालांकि, उस वक्त चिकित्सकों ने उसे किसी तरह बचा लिया था।
पंद्रह दिन पहले भी प्रेमिका अपने प्रेमी के घर आ गई और उससे शादी करने को कहा। लेकिन युवक के परिजन तैयार नहीं हुए। उन्होंने युवती के पिता को बुलाकर उसे वापस घर भेज दिया था। अब रविवार को प्रेमिका दोबारा अलीगढ़ से अपने प्रेमी के घर बागपत पहुंच गई। जहां उसने खूब जमकर ड्रामा किया और युवक से कहा कि या तो वह उससे शादी कर ले, नहीं तो वह आत्महत्या कर लेगी।
इस मामले के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद प्रेमिका को समझाबुझा कर ग्राम प्रधान के घर ले जाया गया। युवती को ग्राम प्रधान के आवास पर रखा गया है। प्रेमिका के परिजनों को भी बुलाया गया है। ग्राम प्रधान के अनुसार युवती शादी की जिद पर अड़ी हुई है। उसे समझाने की बहुत कोशिश की गई लेकिन वह नहीं मानी। इस संबंध में अब दोनों परिवार के लोगों को बैठाकर बात की जाएगी। यदि परिजन शादी के लिए राजी होते हैं तो उनकी शादी कराई जाएगी।