खतौली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने गांव के ही पांच लोगों पर उसे नशीली चाय पिलाकर एटा के होटल में सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इसकी जानकारी फोन पर दी। युवती के पिता ने महिला सहित पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।
क्षेत्र निवासी ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 27 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे उसकी पत्नी अपनी दो पुत्रियों साथ घर पर मौजूद थी। उसी समय गांव की महिला घर पहुंची और उसकी बेटी को अपने घर रुकने के लिए ले गई। परिजनों ने युवती को बिना किसी शक के उनके घर भेज दिया। शाम तक उनकी लड़की घर नहीं लौटी, तो उन्होंने महिला के घर पहुंचे। महिला के घर में कोई नहीं मिला। परिजनों ने युवती को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका।
29 अगस्त को सुबह करीब पांच बजे परिजनों को एक फोन आया जिस पर बेटी की आवाज सुनकर वे सन्न रह गए। फोन पर उनकी लड़की ने बताया कि वह बुरी तरह फंस गई है। वह ऐटा के एक होटल में है यहां उसके साथ ज्यादती की गई है। उसने बताया उसे चाय पीने के लिए दी। जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। जब उसकी आंखें खुली तो उसने अपने आपको ऐटा के एक होटल में पाया।
आरोप है कि गांव के ही पांच लोगों ने होटल में उसके साथ रात में बेहोशी की हालत में सामूहिक दुष्कर्म किया। सूचना पर परिजन गाड़ी लेकर एटा पहुंचे और बेटी को अपने साथ लेकर आए। पीड़िता के पिता ने महिला सहित पांच लोगों के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं होटल मालिक से भी इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/