शामली शहर की घनी आबादी के बीच मोहल्ला रामशाला में पांच नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने मां बेटे को बंधक बनाकर लाखों की डकैती डालकर सनसनी फैला दी। बदमाश घर में रखी लाखों की नकदी, गहने, कारतूस, मोबाइल और बाइक लूटकर ले गए। घटना के बाद व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
मोहल्ला रामशाला में सराफ अनिल वर्मा उर्फ पप्पू अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी दो दुकान नया बाजार के सामने बड़ा बाजार में हैं। शनिवार को अनिल, पता फूल सिंह वर्मा और बेटा अभिषेक दुकान पर थे, जबकि पत्नी शोभा घर पर थीं। शाम करीब पांच बजे अभिषेक दुकान से घर पर खाना खाने गए थे। उनके पीछे ही घर में घुसे पांच बदमाशों ने सराफ का नाम लेकर आवाज लगाई। कहा कि उनसे कुछ हिसाब करना है। ऊपरी मंजिल से अभिषेक ने कहा कि पापा दुकान पर हैं, वहीं चले जाओ। इसी बीच बदमाश जीने से चढ़कर ऊपर पहुंच गए और अभिषेक की कनपटी पर पिस्टल लगाकर जान से मारने की धमकी देकर चुप कर दिया। बदमाशों ने अभिषेक और उसकी मां शोभा वर्मा को गन प्वाइंट पर लेकर उनके हाथ रस्सियों से बांध दिए और उनके मुंह में कपड़ा ठूस दिया।