तितावी थाना क्षेत्र के गांव निवासी छात्रा बुधवार को पिता के साथ थाने पहुंचकर एसओ सूबे सिंह यादव से मिली। पीड़िता ने शामली जनपद के गांव हाथी करौंदा निवासी युवक के खिलाफ तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पूर्व आरोपी ने एक शोभायात्रा के दौरान उसका मोबाइल नंबर ले लिया था। आरोप है कि इसके बाद आरोपी छात्रा के मोबाइल पर लगातार कॉल करने लगा, जिससे आजिज आकर छात्रा ने मोबाइल रखना ही बंद कर दिया।
छात्रा का आरोप है कि अब आरोपी युवक लगातार छात्रा को धमकियां दे रहा है कि या तो वह उसके साथ शादी करे, वरना उसकी व उसके पिता की हत्या कर दी जाएगी। शोहदे की इस धमकी को शुरूआती तौर पर छात्रा व उसके पिता ने मजाक समझते हुए खुद उससे बात की तो आरोपी ने उन्हें भी छात्रा के साथ हर हाल में शादी करने की बात कहते हुए उसे अपनी नहीं होने पर किसी ओर की भी नहीं होने की धमकी दे डाली।
पीड़ित छात्रा का कहना है कि शोहदे की धमकी से वह व परिजन इतने भयभीत हैं कि कुछ दिन से उसका स्कूल जाना भी छूट गया है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई के साथ ही सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। एसओ सूबे सिंह का कहना है कि छात्रा को एक युवक द्वारा शादी के नाम पर परेशान करते हुए हत्या की धमकी दी जा रही है। तहरीर मिली है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/