संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट/कम्पार्टमेंट और इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी गई है। पात्र परीक्षार्थी छह से 27 जून की रात 12 बजे तक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे।
परिषद के सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी सूचना के अनुसार हाईस्कूल में इम्प्रूवमेंट परीक्षा के अंतर्गत परीक्षार्थी अपने एक अनुत्तीर्ण विषय में तथा कम्पार्टमेंट परीक्षा के तहत दो अनुत्तीर्ण विषयों में से किसी एक विषय में परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए परीक्षा शुल्क 256.50 रुपये निर्धारित किया गया है।
इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में मानविकी, विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग के ऐसे परीक्षार्थी, जो किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण हैं, वे आवेदन के पात्र होंगे। कृषि वर्ग के छात्र निर्धारित विषयों में से किसी एक प्रश्नपत्र तथा व्यावसायिक वर्ग के छात्र अपने ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण होने पर कम्पार्टमेंट परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए परीक्षा शुल्क 308 रुपये निर्धारित किया गया है।
निर्धारित शुल्क कोषागार में चालान के माध्यम से जमा करना होगा। ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रति तथा शुल्क जमा करने के चालान की मूल प्रति डाउनलोड कर 27 जून के बाद तीन दिनों के भीतर परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में पंजीकृत डाक से भेजना अनिवार्य होगा।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि जो परीक्षार्थी किसी विषय के लिखित एवं प्रयोगात्मक/प्रोजेक्ट दोनों में अनुत्तीर्ण रहे हों, उन्हें दोनों भागों की परीक्षा देनी होगी। वहीं, किसी एक भाग में अनुत्तीर्ण एवं दूसरे भाग में उत्तीर्ण परीक्षार्थी केवल अनुत्तीर्ण भाग अथवा इच्छानुसार दोनों भागों की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। लिखित एवं प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी।