कॉपियों में लगाई जा रही पास करने की गुहार
कॉपियों का मूल्यांकन कर रहे शिक्षकों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि कई कॉपियों में परीक्षार्थियों ने पास करने की गुहार लगाई है। सामाजिक विज्ञान की एक कॉपी में लिखा मिला कि प्रिय सर मुझे पास कर देना, मैं हमेशा आपके चरणों की दासी रहूंगी। एक छात्रा ने खुद की शादी का हवाला देते हुए पास करने की गुहार लगाई। कुछ कॉपियों में पैसे निकलने की बात भी सामने आई है।
काली पट्टी लगाकर शिक्षकों ने किया मूल्यांकन
माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिलामंत्री डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली, कैशलैस चिकित्सा, धारा 12, 18 व 21 की बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों की समान कार्य समान वेतन समेत कई मांगों को लेकर शिक्षकों ने काली पट्टी लगाकर मूल्यांकन किया।
परीक्षकों से भरवाया मोबाइल न लाने का घोषणापत्र
उपप्रधान परीक्षकों व परीक्षकों के मूल्यांकन केंद्रों पर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस प्रतिबंध को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए उप प्रधान परीक्षकों व परीक्षकों से मूल्यांकन केंद्रों पर मोबाइल नहीं लाने का घोषणा पत्र भरवाया गया। इसके लिए बाकायदा घोषणा पत्र का प्रारूप जारी किया गया।