मेरठ। यूपी बोर्ड वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा का मूल्यांकन कार्य समाप्त हो गया है। मंडल के सभी जिलों में 17 मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों ने 16 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। बोर्ड की लिखित परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चली थीं। इसके बाद 18 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू हुआ था। पहले मूल्यांकन की अंतिम तिथि एक अप्रैल निर्धारित की गई थी लेकिन ईद और रामनवमी के अवकाश को ध्यान में रखते हुए इसे बढ़ाकर चार अप्रैल कर दिया गया था। शनिवार को सभी केंद्रों पर मूल्यांकन का कार्य पूरा कर लिया गया।
मेरठ मंडल के तहत आने वाले मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़ और बुलंदशहर जिलों में 17 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। मेरठ जिले में पांच केंद्र रहे। इनमें पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, डीएन इंटर कॉलेज रेलवे रोड, एसएसडी ब्वायज इंटर कॉलेज लालकुर्ती और एनएएस इंटर कॉलेज सदर शामिल थे। हाईस्कूल की 9.38 लाख एवं इंटर की 6.62 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन मंडल स्तर पर किया गया। मूल्यांकन के बाद अब यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी से जुट गया है।