यूपी बोर्ड की वर्ष-2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। बोर्ड मूल्यांकन का बुधवार को अंतिम दिन है लेकिन अभी तक क्षेत्रीय बोर्ड मेरठ के तहत आने वाले 17 जिलों के 149 विद्यालयों ने हाईस्कूल की आंतरिक परीक्षा तथा इंटरमीडिएट के नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक अपलोड नहीं किए हैं। इससे बोर्ड परीक्षा परिणाम तैयार करने में दिक्कत हो सकती है।
प्रदेश के 52 जिलों में कुल 866 विद्यालयों ने अभी तक ये अंक परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड नहीं किए हैं। इनमें अंक अपलोड न होने वाले परीक्षार्थियों की कुल संख्या 97,603 पहुंच गई है। हालांकि मेरठ जिले का कोई विद्यालय बाकी नहीं बचा है। यूपी बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चली थीं। इसके बाद 18 मार्च से मूल्यांकन कार्य प्रारंभ हुआ। इसकी अंतिम तिथि एक अप्रैल रखी गई है।
25 मार्च तक का समय दिया गया था
सभी विद्यालयों को अंक अपलोड करने के लिए 25 मार्च तक का समय दिया गया था लेकिन कई स्कूलों ने अब तक अपलोड नहीं किया। इस पर माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने अंतिम मौका देते हुए आगामी छह अप्रैल तक अंक अपलोड करने के आदेश जारी कर दिए हैं। क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के सचिव ज्योति प्रसाद ने स्पष्ट कहा कि परिषद की ओर से यह अंतिम अवसर है। इसके बाद मौका नहीं मिलेगा। अंक अपलोड न करने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापक जिम्मेदार होंगे।