लालकुर्ती स्थित एसजीएम गार्डन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पीएम अपने कार्यकाल में युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों पर फोकस करते रहे हैं। प्रधानमंत्री समय-समय पर युवाओं से बातचीत करते रहते हैं। युवा किसी दल के नहीं होते, वह देश के होते हैं।
पंकज ने कहा कि प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रम में राजनीतिक बातें भी नहीं करते। वह देश के युवाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। आज युवा अंतरिक्ष में जा रहे हैं। प्रधानमंत्री पर्यावरण संरक्षण की बात करते हैं। विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा कार्य करने वाले लोगों को प्रमोट करते हैं, ताकि वे देश के लिए काम कर सकें। देश के लोगों को प्रेरित करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा की जीत होगी। पंकज चौधरी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सरकार चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर गंभीर है। इसमें दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बूथ भाजपा की सबसे छोटी इकाई अवश्य है, लेकिन संगठन की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति भी यही है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से कहा कि वे स्वयं को कभी छोटा न समझें, क्योंकि चुनावी सफलता की नींव बूथ पर ही रखी जाती है। बूथ समिति के सक्रिय होने पर पूरा माहौल बदल सकता है। वोटर लिस्ट लेकर वोटर तक जाएं और लोगों से मिलें। बूथ समिति अपना काम पूरा कर लें तो वोट मिलने का भी अनुमान पार्टी को बता सकती है।
कहा कि देश की जनता जल्दी भूल जाती है, इसलिए बार-बार याद दिलाना पड़ेगा कि योगी-मोदी ने उनके लिए क्या काम किया है। केंद्र व राज्य की योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाएं। भाजपा केवल चुनाव जीतने वाला राजनीतिक दल नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ निरंतर जुड़े रहने वाला सेवा और राष्ट्र निर्माण का संगठन है। इसके बाद पंकज चौधरी ने जनसंघ कालीन स्वतंत्रता सेनानी एवं 106 वर्षीय मास्टर रणजीत सिंह के मानसरोवर कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद विवेक रस्तोगी के कंकरखेड़ा स्थित आवास पर जाकर उनकी माता के निधन पर शोक व्यक्त किया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद अरुण गोविल, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, मोहित बेनीवाल, पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, विवेक वाजपेयी, कार्यक्रम आयोजक नीरज मित्तल, राजेश खन्ना, विनीत अग्रवाल शारदा, गजेंद्र शर्मा, रवीश अग्रवाल, वीनस शर्मा, अक्षित त्यागी, अभय सिंह, डॉ. चरण सिंह लिसाड़ी, अमित शर्मा आदि उपस्थित रहे।
ये भी देखें...
शूटर का एनकाउंटर: तीन गोली सीने और एक नाक पर लगी, चारों निकल गईं आर-पार, हत्या-डकैती समेत 38 मुकदमे थे दर्ज