महिला पहलवानों द्वारा बृजभूषण शरण पर लगाए गए आरोपों पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि जांच चल रही है, जो भी सामने आएगा, कानून अपना कार्य करेगा।
गठबंधन की पोल खुल चुकी है, लोग अब झांसे में नहीं आने वाले
2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग सब जानते हैं, वे किसी के झांसे में आने वाले नहीं हैं।
लोगों को पता है कि गठबंधन से कुछ नहीं मिलने वाला है। जितना विकास हुआ है, उतना ही देश और प्रदेश पीछे हट जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश में विकास की जो रफ्तार है, उसे लोग और तेज करना चाहते हैं। इसलिए 2024 के लोकसभा चुनाव में कितने भी गठबंधन हो जाएं, लेकिन लोगों का आशीर्वाद भाजपा को ही मिलेगा।
सभी लोकसभा क्षेत्रों में होंगी रैलियां
प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर रैलियों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश की 14 हारी हुईं लोकसभा सीटों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री रैली में शामिल हो सकते हैं। सभी रैलियों में केंद्रीय मंत्री शामिल रहेंगे।
महाजनसंपर्क अभियान में जुटें कार्यकर्ता
महा जनसंपर्क अभियान के जरिए भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा ने प्रदेश में जो खाका तैयार किया है उसमें 30 जून तक एक महीने के भीतर केंद्रीय नेतृत्व पूरे प्रदेश की राजनीति को मथने का काम करेगा।
80 जिलों को 21 क्लस्टर में बांटा
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रदेश के 80 जिलों को 21 क्लस्टर में बांटकर महाजनसपंर्क अभियान चलाया जा रहा है। हर क्लस्टर पर केंद्रीय मंत्री और केंद्रीय पदाधिकारी कम से कम चार दिन प्रवास करेंगे। लोकसभा, विधानसभा क्षेत्र और बूथ स्तर तक कार्यक्रम होने हैं।
हर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के सभी मोर्चों के सम्मेलन होंगे। एक हजार प्रबुद्ध समाज के लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम किए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 300 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की जाएगी। सरकार के लोक कल्याणकारी कार्यों के बारे में बताया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया संवाद होंगे।