उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर शिवालिक पहाड़ियों के बीच सेब से भरी एक पिकअप खाई में गिर गई। खाई करीब 25 फीट गहरी है। हादसे में चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।
हादसा थाना मिर्जापुर क्षेत्र में शनिवार की दोपहर करीब एक बजे दर्रारित के पास हुआ। हिमाचल प्रदेश से सेब लेकर बिजनौर के लिए जा रही पिकअप का चालक पहाड़ियों के बीच हाईवे पर अचानक अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिककप करीब 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक की स्टेयरिंग और सीट के बीच फंसने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें:Meerut: पुलिस ने छापा मारकर नकली स्टेरॉयड व फूड सप्लीमेंट किए बरामद, तहखाने से मिली भारी नगदी
हादसे की सूचना मिलते ही पास की बादशाहीबाग चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पिकअप से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। चौकी इंचार्ज असगर अली ने बताया, कि मृतक चालक की शिनाख्त जावेद (45) पुत्र मतलूब निवासी मोहल्ला कुरैशियान थाना देहात कोतवाली, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है। उसके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।